UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को पश्चिमी तराई से लेकर दक्षिणी हिस्सों तक अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए नए वेदर सिस्टम और मजबूत हुई ट्रफ लाइन के कारण अगले तीन से चार दिन राज्यभर में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं। खाड़ी से आने वाली नम हवाओं ने बारिश के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर दिया है।
सोमवार को सहारनपुर में सबसे ज्यादा 140 मिमी बारिश हुई, जबकि गोरखपुर में 75.2 मिमी और बलिया में 73.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत कई जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश देखने को मिली।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
37 जिले बाढ़ से प्रभावित
लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी इलाकों से आने वाले पानी ने प्रदेश में बाढ़ की स्थिति गंभीर बना दी है। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी के अनुसार, फिलहाल 37 जिलों की 95 तहसीलें और 1929 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इन इलाकों में अब तक 6.95 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 84,777 मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बाढ़ से अब तक 574 मकानों को नुकसान हुआ है, जिनमें से 472 प्रभावित परिवारों को सहायता राशि दी जा चुकी है। बाढ़ का असर 65,202 हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि पर पड़ा है। राहत कार्यों के लिए 2,622 नावों और मोटरबोट का इस्तेमाल कर प्रभावित इलाकों में जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है।
बाढ़ प्रभावित जिले:
अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी, बस्ती, कासगंज, हरदोई, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, भदोही, श्रावस्ती, उन्नाव, फर्रुखाबाद, मेरठ, हापुड़, गोरखपुर, गोंडा, बिजनौर, बदायूं, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाजीपुर, मीरजापुर, संत कबीर नगर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर।










