वाराणसी। काशी घूमने आए स्विट्जरलैंड के पर्यटक जोनस बेंजामिन ईहले का करीब 10 लाख रुपये कीमत का Leica कैमरा घाट के पास छूट गया। कैमरा गायब होने के बाद पर्यटक ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने दशाश्वमेध चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों की मदद से कैमरे की तलाश शुरू की। पुलिस की तत्परता के चलते महज दो घंटे के भीतर कैमरे को खोज लिया गया।
इसके बाद पुलिस ने कैमरा उसके वास्तविक मालिक जोनस बेंजामिन ईहले को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। करीब 10 लाख रुपये कीमत का अपना कैमरा वापस मिलने पर स्विट्जरलैंड के पर्यटक ने वाराणसी पुलिस का आभार जताया और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की
पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कैमरा बरामद करने वाली पुलिस टीम में दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी, उप निरीक्षक शिव स्वरूप पाण्डेय, कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह, संजय यादव और संजीव कुमार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ विदेशी पर्यटक को राहत मिली, बल्कि वाराणसी पुलिस की तत्परता और पर्यटकों की सहायता के प्रति संवेदनशीलता भी सामने आई।
Author: News Rastra
न्यूज राष्ट्र








