वाराणसी: लहरतारा फ्लाईओवर के पास एक मकान में संचालित कैफे एंड रेस्टोरेंट पर बुधवार शाम मंडुवाडीह पुलिस ने छापेमारी की। संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम कैफे पहुंची और वहां मौजूद दो युवकों व दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पूछताछ के आधार पर की जाएगी।

पुलिस की कार्रवाई के बाद जुटी भीड़
कैफे में पुलिस की छापेमारी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने कैफे के संचालन पर आपत्ति जताते हुए इसे बंद कराने की मांग की। उनका कहना था कि पिछले कई महीनों से कैफे में युवक-युवतियों का लगातार आना-जाना लगा रहता था।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को यह भी बताया कि कैफे को लेकर पहले लहरतारा पुलिस चौकी पर गोपनीय तरीके से शिकायत की गई थी। हालांकि, इन शिकायतों और आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
हिरासत में लिए गए चार लोगों से पूछताछ
पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद कैफे में मौजूद दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े इनपुट के साथ स्थानीय लोगों की शिकायतों की भी जांच कर रही है।
मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि कैफे से दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छापेमारी के दौरान मौके से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।पुलिस के मुताबिक, मामले में फिलहाल जांच जारी है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: News Rastra
न्यूज राष्ट्र








