मुजफ्फरनगर: मेरठ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी। मुख्तार अंसारी और संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा गैंग से जुड़े खतरनाक शूटर शाहरुख पठान को मुठभेड़ में मार गिराया गया। यह कार्रवाई मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में बिजोपुरा तिराहा के पास हुई।
जवाबी कार्रवाई में ढेर हुआ शूटर
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, शाहरुख पठान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था और इस दौरान उसने पुलिस टीम पर 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। जवाब में एसटीएफ की ओर से की गई कार्रवाई में वह मार गिराया गया। मारे गए बदमाश के पास से तीन पिस्टल, एक 9 एमएम की देसी पिस्टल, करीब 60 कारतूस और एक कार बरामद की गई है।
शातिर अपराधी था शाहरुख पठान
शाहरुख पठान मुजफ्फरनगर के खालापार मोहल्ले का रहने वाला था और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। एएसपी ब्रजेश कुमार ने बताया कि शाहरुख पहले भी पुलिस कस्टडी के दौरान हत्या जैसे संगीन अपराधों में शामिल रह चुका है।










