Agniveer Recruitment Update: भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया अब पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गई है। अब उम्मीदवारों को सिर्फ लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट ही नहीं, बल्कि एक नई अनुकूलनशीलता परीक्षा (Adaptability Test) से भी गुजरना होगा। यह बदलाव 30 जून से 10 जुलाई के बीच हुई अग्निवीर भर्ती में शामिल 69,257 अभ्यर्थियों में से सफल उम्मीदवारों पर लागू किया गया है।
अब स्मार्टफोन से होगी मानसिक क्षमता की जांच
नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर वाला स्मार्टफोन साथ लाना होगा। इस परीक्षा में औसतन 10 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनका उत्तर कुछ ही मिनटों में देना होगा। इन उत्तरों के आधार पर विशेषज्ञ यह जांचेंगे कि उम्मीदवार मानसिक रूप से सेना की जिम्मेदारियों के लिए कितना तैयार है।
क्या होती है अनुकूलनशीलता परीक्षा?
इस टेस्ट का उद्देश्य अभ्यर्थी की मानसिक दृढ़ता और बदलते हालात में सामंजस्य बिठाने की योग्यता का मूल्यांकन करना है। इसमें यह देखा जाता है कि उम्मीदवार संकट की घड़ी में कितना संयम रख सकता है, वह नए विचारों को अपनाने में कितना सक्षम है और चुनौतियों का सामना करके समाधान कैसे निकालता है।
अब अग्निवीर भर्ती केवल शारीरिक ताकत का नहीं, मानसिक दृढ़ता और तेज सोच का भी इम्तिहान है। सेना के इस नए कदम का मकसद है ऐसे युवाओं का चयन करना जो हर परिस्थिति में खुद को साबित कर सकें।










