बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के आलोक नगर में गुरुवार सुबह एक ही परिवार में सनसनीखेज मामला सामने आया। एक ही घर में देवर और भाभी के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। परिजनों ने पहले महिला का शव देखा, फिर जब देवर की तलाश की गई तो उसका शव भी लटकता मिला। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
हत्या या आत्महत्या?
मृतका की मायके पक्ष की मानें तो यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या है। सोनी के परिजनों ने उसके पति विवेक पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि वह देवर-भाभी के बीच नाजायज़ रिश्ते का शक करता था और इसी बात को लेकर आए दिन झगड़ा करता था।
क्या है पूरा मामला
उत्तराखंड के उधमसिंह नगर स्थित सितारगंज के धानचौड़ा गांव निवासी 27 वर्षीय सोनी की शादी 2016 में बरेली निवासी विवेक से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं—तीन साल का बेटा कैरव और पांच साल की बेटी तान्या। विवेक के साथ उसकी मां रामवती और छोटा भाई अंकित (30) भी रहते थे। अंकित की पत्नी की शादी के तीन महीने बाद ही मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह विवेक के परिवार के साथ ही रह रहा था।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सोनी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। जब परिजनों ने देवर अंकित की खोज की तो वह भी अपने कमरे में मृत अवस्था में फंदे से झूलता मिला।
मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप
सोनी की भाभी शीला और बहन रजनी ने पति विवेक पर कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि विवेक आए दिन शराब पीकर सोनी को मारता-पीटता था। यहां तक कि उसे खाना तक नहीं देता था। उसने फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। भाभी शीला ने बताया कि सोनी 8 महीने से मायके में रह रही थी, लेकिन विवेक के माफी मांगने पर दो महीने पहले ही उसे वापस भेजा गया था।
जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। सीओ सिटी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।










