गोंडा में बड़ा हादसा : पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की कार नहर में गिरी, 11 की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा। गोंडा जिले में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की जान चली गई। यह सभी श्रद्धालु प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी गाड़ी इटियाथोक थाना क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नहर में जा गिरी। हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 15 लोग सवार थे।

स्थानीय लोगों और प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

राहत और बचाव कार्य में जुटा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही इटियाथोक पुलिस, NDRF और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य के लिए क्रेन समेत अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति मानी जा रही है।

सावन में शिव मंदिर की यात्रा बन गई मातम

गाड़ी सवार सभी लोग पृथ्वीनाथ मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे, जो करनैलगंज क्षेत्र में स्थित है और एशिया के प्रमुख शिवलिंगों में से एक के लिए प्रसिद्ध है। सावन के इस पावन महीने में यहां भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, लेकिन यह यात्रा आज शोक में बदल गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “गोंडा में हुए हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति दे।”
सीएम ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद जिलाधिकारी ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जा रही है। प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें