CM Yogi का सख्त निर्देश : बाढ़ से निपटने की तैयारियां युद्धस्तर पर हो, जनता को न हो कोई परेशानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में बचाव और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि तैयारियां युद्धस्तर पर की जाएं ताकि जनता को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

बैठक से पहले सीएम योगी ने जिले और शहर का हवाई सर्वेक्षण कर बारिश के प्रभाव का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ बचाव, सड़क निर्माण व मरम्मत और विद्युत आपूर्ति से जुड़े मामलों पर सिंचाई, लोक निर्माण और बिजली विभाग के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

पिछले वर्षों की तैयारी से मिली राहत

सीएम योगी ने बताया कि बीते वर्षों में किए गए बाढ़ बचाव कार्यों से लोगों को काफी राहत मिली है। इस वर्ष अब तक गोरखपुर बाढ़ की चपेट में नहीं आया है, लेकिन कुछ इलाकों में खतरे की संभावना को देखते हुए तैयारी में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नदियों के जलस्तर की नियमित निगरानी और तटबंधों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के प्रभावित होने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए। पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता, बाढ़ चौकियों, राहत केंद्रों और शिविरों को सक्रिय रखने के साथ जरूरतमंदों तक तुरंत राहत सामग्री पहुंचाई जाए।

PWD और बिजली विभाग को खास हिदायत

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग से कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द हो और जहां निर्माण कार्य जारी है, वहां बारिश के कारण काम प्रभावित न हो, इसकी व्यवस्था बनाई जाए। वहीं बिजली विभाग को शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए।

जलजमाव रोकने पर जोर

सीएम योगी ने नगर निगम से शहरी क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि बारिश में कहीं भी जलभराव न हो। जलनिकासी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हों और लगातार मॉनिटरिंग की जाए।

मंदिर में दर्शन और पुस्तक विमोचन

गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर सीएम योगी ने गुरु गोरखनाथ के विग्रह का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। शाम को मंदिर के बैठक कक्ष में उन्होंने एडीजी गोरखपुर जोन अशोक मुथा जैन की पुस्तक ‘रिवर ऑफ थॉट–I’ का विमोचन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी व बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें