TikTok Ban : भारत सरकार के सूत्रों ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि TikTok पर से प्रतिबंध हटाने की अनुमति नहीं दी गई है। यह स्पष्टीकरण उस समय आया जब कुछ यूजर्स ने दावा किया कि वे TikTok की वेबसाइट तक पहुंच पा रहे हैं। हालांकि, वेबसाइट खुलने के बावजूद न तो वीडियो देखना संभव था और न ही ऐप डाउनलोड हो पा रहा था।
कब और क्यों लगा था बैन
जून 2020 में भारत सरकार ने सुरक्षा कारणों से 59 चीनी मोबाइल ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इनमें TikTok, Helo और WeChat जैसे लोकप्रिय ऐप भी शामिल थे। यह फैसला गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच हुई झड़प के बाद लिया गया था।
TikTok की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
इस मामले पर अभी तक TikTok या इसकी पैरेंट कंपनी ByteDance की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। न तो उन्होंने ऐप की वापसी की पुष्टि की है और न ही वेबसाइट खुलने के पीछे का कारण बताया है।
डेटा सुरक्षा बड़ी चिंता
सरकार का कहना था कि ये ऐप्स भारतीय यूजर्स का डेटा इकट्ठा कर रहे थे और इसे देश से बाहर भेजने का खतरा था। इसी वजह से इन्हें आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत बैन किया गया, ताकि देश की सुरक्षा और संप्रभुता पर किसी तरह का खतरा न आए।
भारत-चीन रिश्तों में नरमी के संकेत
भले ही TikTok जैसे ऐप्स पर पाबंदी जारी है, लेकिन हाल ही में भारत और चीन ने आपसी संबंध सुधारने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। तीन व्यापारिक मार्ग – लिपुलेख पास, शिपकी ला पास और नाथु ला पास – फिर से खोले गए हैं। इसके अलावा, दोनों देशों ने सीधी उड़ानों की बहाली और नया एयर सर्विस एग्रीमेंट बनाने पर सहमति जताई है। साथ ही पर्यटकों, कारोबारियों और पत्रकारों के लिए वीज़ा प्रक्रिया को आसान करने पर भी बातचीत हुई है।
पीएम मोदी का चीन दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर तक चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान उनकी कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात की भी संभावना है।










