मुजफ्फरनगर। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की जीत तय है। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के कई सांसद एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे।
वोट चोरी के आरोप पर जवाब
बिहार में वोट चोरी के विपक्षी आरोपों पर जयंत चौधरी ने कहा कि यह प्रक्रिया कोई नई नहीं है। जो लोग गांव छोड़कर शहर में बस जाते हैं, उनका नाम दोनों जगह की वोटर लिस्ट में रह जाता है। ऐसे लोग प्रधानी जैसे छोटे चुनावों में भी गांव जाकर मतदान करते हैं। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष होगा और विपक्ष केवल अनावश्यक डर फैलाने की कोशिश कर रहा है।
किसानों और जीएसटी सरलीकरण पर प्रतिक्रिया
जीएसटी में हालिया सरलीकरण पर उन्होंने कहा कि इसका लाभ किसानों को मिलेगा। ट्रैक्टर और कृषि उपकरण अब पहले से सस्ते होंगे। किसानों की नजर हमेशा सरकार के फैसलों पर रहती है और रालोद किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
पुराने बयान पर सफाई
अपने पुराने बयान पर सफाई देते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि उनकी “बंदिशें” किसानों के खिलाफ नहीं हैं। गन्ना मूल्य बढ़ाने का निर्णय राज्य सरकार का अधिकार है, केंद्र सरकार का नहीं। उन्होंने कहा कि वे सरकार से संपर्क कर किसानों की समस्याओं को हल कराने के लिए हमेशा तैयार हैं।
खिलाड़ियों को तोहफ़ा
अपने शामली दौरे पर जयंत चौधरी ने राज्यसभा निधि से 25 लाख रुपए की धनराशि देकर खिलाड़ियों के लिए तीन खेल मैदानों का निर्माण कराया। कनियांन गांव में इन मैदानों का उद्घाटन भी उन्होंने किया।










