कानपुर : पत्नी ने भांजे संग मिलकर की पति की हत्या, नमक डालकर बगीचे में दफनाया शव, फिर…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के सचेंडी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला ने अपने भांजे के साथ अवैध संबंधों के चलते अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को बगीचे में दफन कर दिया। हत्या के राज़ का खुलासा पूरे 10 महीने बाद तब हुआ जब मृतक की बहन ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके भांजे को गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे सामने आया पूरा हत्याकांड

मूल रूप से बांदा के रहने वाले और फिलहाल सचेंडी के लालूपुर गाँव में रहने वाले 50 वर्षीय शिवबीर सिंह गुजरात में नौकरी करते थे। करीब छह साल पहले वह परिवार के साथ गाँव लौट आए थे और भांजे अमित के घर के सामने झोपड़ी बनाकर रहने लगे थे। इसी दौरान अमित और उसकी मामी लक्ष्मी के बीच नाजायज़ रिश्ते पनप गए।

रिश्ते का भेद खुलने पर दंपती में अक्सर झगड़े होने लगे। इससे परेशान होकर लक्ष्मी ने भांजे अमित के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 1 नवंबर 2024 की रात लक्ष्मी ने घरवालों को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेसुध कर दिया और फिर अमित को बुलाकर शिवबीर के सिर पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को 12 किलो नमक डालकर घर से करीब 500 मीटर दूर बगीचे में दफना दिया गया।

परिवार को दी झूठी जानकारी

हत्या के बाद लक्ष्मी ने बच्चों से कहा कि पिता नौकरी के सिलसिले में गुजरात चले गए हैं। जब बड़ा बेटा आनंद बार-बार पिता के बारे में पूछता रहा तो लक्ष्मी ने बहाना बनाया कि फैक्ट्री में फोन करने की इजाजत नहीं है और उनका नया नंबर याद नहीं। रक्षाबंधन पर भी जब आनंद ने पिता को घर लाने की बात कही तो लक्ष्मी ने टाल दिया।

बहन की शिकायत से खुला राज़

शिवबीर की बहन कांती ने 19 अगस्त 2025 को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में पुलिस को लक्ष्मी और अमित के संबंधों की जानकारी मिली। कड़ी पूछताछ में लक्ष्मी टूट गई और पूरे हत्याकांड का राज़ उगल दिया।

पुलिस ने ऐसे बरामद किए अवशेष

ACP शिखर कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बगीचे में खुदाई कराई, जहाँ से शिवबीर का कंकाल, पहने हुए कपड़े और गले का लॉकेट बरामद हुआ। परिवारजनों ने लॉकेट से शव की पहचान की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें