शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा : हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत, 5 मजदूर झुलसे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाहजहांपुर जिले में सोमवार को हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से दो अलग-अलग जगहों पर दर्दनाक हादसे हुए। इन घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

तिलौआ गांव में दो की मौत

कलान थाना क्षेत्र के तिलौआ गांव में सुबह हैंडपंप ठीक करने के दौरान हादसा हो गया। गांव के कमलदेव सिंह (38) और सत्यवीर (36) हैंडपंप की सरिया खींच रहे थे। अचानक सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई, जिससे दोनों को जोरदार करंट लगा। करंट इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कमलदेव अविवाहित थे, वहीं सत्यवीर की मौत से उनकी पत्नी आरती और दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तिलहर में मिक्सर मशीन से हादसा

दूसरी घटना तिलहर क्षेत्र के डभौरा गांव के पास हुई। रतूली गांव के सुरजीत कुमार सोमवार दोपहर ट्रैक्टर से मिक्सर मशीन लेकर गुलचंपा गांव जा रहे थे। उनके साथ लगभग 11 मजदूर भी सवार थे। रास्ते में मशीन का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया और तेज करंट ट्रैक्टर और मशीन में उतर गया।
इस हादसे में 20 वर्षीय विमलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। करंट लगने से पांच मजदूर—जगदीश कुमार, सोनू मौर्य, अजय मौर्या, भगवान दास और राजीव मौर्य—झुलसकर घायल हो गए। ट्रैक्टर के टायर धमाके के साथ फट गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने जताई नाराजगी

गांववालों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताया। मृतक विमलेश के परिवार में उनकी मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विद्युत निगम के उपखंड अभियंता कैलाश चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मशीन की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह हाईटेंशन लाइन से छू गई। विभागीय स्तर पर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें