UP Weather : यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, इन जिलों में होगी गरज-चमक के साथ झमाझम बरसात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP Weather : उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। आसमान में काले बादल मंडराने लगे हैं और आज से पूर्वी यूपी में बारिश का सिलसिला तेज़ होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, ट्रफ लाइन दोबारा उत्तर प्रदेश की ओर शिफ्ट हो गई है। इसी वजह से आने वाले चार से पाँच दिनों तक तराई और आसपास के जिलों में हल्की से लेकर भारी बारिश के हालात बनेंगे। इस दौरान गरज-चमक के साथ बादल भी गड़गड़ाएंगे।

UP Weather : किन जिलों में होगी बारिश?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि 11 सितंबर (गुरुवार) को गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं सोनभद्र, वाराणसी, मिर्जापुर, ललितपुर और झांसी में हल्की फुहारें पड़ेंगी। इसके उलट प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, सुल्तानपुर, अमेठी और रायबरेली जैसे जिलों में आज धूप खिली रहने की उम्मीद है।

लखनऊ और नोएडा में अभी नहीं मिलेगी राहत

राजधानी लखनऊ में फिलहाल मौसम का रुख नहीं बदलेगा। यहां आज उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। अनुमान है कि 11 सितंबर को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसी तरह नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा और कानपुर में भी गुरुवार को गर्मी हावी रहेगी। हालांकि अगले 24 घंटों में इन जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

कल से बरसेंगे बादल

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मानसून ट्रफ फिलहाल वाराणसी और आगरा के पास से गुजर रही है। इसकी वजह से पूर्वी यूपी में आज से बारिश शुरू हो रही है। 12 सितंबर को पूर्वी तराई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी कल बादल जमकर बरस सकते हैं। इस दौरान तापमान में गिरावट होगी और कुछ जगहों पर बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा। बारिश का यह दौर 13 सितंबर तक जारी रहेगा और अलग-अलग जिलों में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें