मुरादाबाद। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रविवार को मुरादाबाद में आयोजित जनकल्याण शिविर में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
जनकल्याण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और महिलाओं के कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने विकास खंड मुरादाबाद सभागार के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपीं और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ देश लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही है। प्रदेश में तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और एक करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में सड़क, रेल, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों को पक्के घर दिए, उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई, हर घर जल योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया और आयुष्मान भारत योजना ने करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। किसानों के लिए किसान सम्मान निधि सहित कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे उनकी आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने में मदद मिल रही है।
देश की सुरक्षा का जिक्र करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक मजबूत और सुरक्षित राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों ने विश्व पटल पर भारत की शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचय कराया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रधान सेवक’ के रूप में अपना हर क्षण देशवासियों की सेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और उत्तर प्रदेश भी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









