वाराणसी में युवक से 20 लाख की साइबर ठगी, व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए दिया शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। साइबर अपराधियों ने व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर वाराणसी के एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस फिलहाल ठगों के बैंक खातों की जांच कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

ऐसे फंसा पीड़ित

लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी अजय सिंह यादव ने पुलिस को बताया कि 17 जून को उन्हें शेयर ट्रेडिंग से जुड़े एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। 23 जुलाई को उन्होंने पहली बार 5 हजार रुपये निवेश किए। इसके बाद ग्रुप के एक सदस्य ने उन्हें “केटीलोन” नाम का ऐप डाउनलोड कराया और उसी के जरिए लगातार निवेश करवाता रहा।

लालच में गंवाए लाखों

पीड़ित के मुताबिक जुलाई से अगस्त के बीच अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न खातों में 20 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। ग्रुप में मौजूद “मुकेश” नाम का व्यक्ति लगातार उनसे चैट करता और अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश बढ़वाता रहा।

रकम मांगने पर हुई ठगी का एहसास

कुछ समय बाद जब अजय यादव ने पैसे की जरूरत बताकर रकम वापस मांगी तो ठगों ने और पैसे की मांग शुरू कर दी। इसी पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई

साइबर क्राइम थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि शेयर मार्केट निवेश के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है और जिन खातों में रकम भेजी गई है, उनकी जांच की जा रही है। जल्द ही साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें