उत्तर प्रदेश में मॉनसून अब धीरे-धीरे अलविदा कहने की तैयारी में है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताज़ा अपडेट में बताया है कि पश्चिमी यूपी से मानसून अगले 24 से 48 घंटों के भीतर विदा हो जाएगा। वहीं, पूर्वी यूपी में इसका असर कुछ दिन और देखने को मिलेगा, लेकिन अक्टूबर की शुरुआत तक यहां भी पूरी तरह से मॉनसून का अंत हो जाएगा।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 20 सितंबर से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान करीब 3 डिग्री तक चढ़ सकता है। इसके बाद मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने 20, 21 और 22 सितंबर तक यूपी के सभी 75 जिलों को ग्रीन ज़ोन में रखा है। यानी फिलहाल भारी बारिश या बिजली गिरने का कोई खतरा नहीं है।
इन जिलों में बरस सकती है हल्की बारिश
शनिवार (20 सितंबर) को मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इनमें वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अयोध्या, अमेठी, गोरखपुर, आज़मगढ़, रायबरेली, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, बलरामपुर, बस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर शामिल हैं।
लखनऊ-नोएडा का मौसम
लखनऊ में शनिवार को आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, नोएडा और उसके आसपास उमस भरी गर्मी लोगों को दिनभर परेशान करेगी। गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, सहारनपुर, मुज़फ्फरनगर, शामली, बरेली और रामपुर जैसे जिलों में भी गर्म हवाएं और तेज धूप झेलनी पड़ेगी।










