बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने दिशा पाटनी फायरिंग केस पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को उनकी औकात दिखा दी गई है। इस मामले में दो बदमाश एनकाउंटर में मारे गए, जबकि बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
डिप्टी सीएम ने साफ शब्दों में कहा, “योगी सरकार में अपराध और अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों के लिए केवल दो रास्ते हैं, या तो जेल जाएं या फिर प्रदेश छोड़ें।”
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला
बरेली दौरे के दौरान ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को ‘कंफ्यूज्ड नेता’ करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद तय नहीं कर पाते कि वे किस दिशा में जाना चाहते हैं, यही उनकी सबसे बड़ी कमजोरी है।
वहीं, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, “उनके शासन में यूपी में जंगलराज था। माफिया और गुंडे बेलगाम थे। लेकिन बीजेपी सरकार ने कानून-व्यवस्था को दुरुस्त किया है और अपराधियों को या तो जेल भेजा है या प्रदेश से बाहर खदेड़ा है।”
बरेली में ‘नमो युवा रन’ का आयोजन
रविवार सुबह बीजेपी युवा मोर्चा ने नमो युवा रन का आयोजन किया। डिप्टी सीएम ने हरी झंडी दिखाकर इस 5 किलोमीटर लंबी मैराथन को रवाना किया। यह दौड़ सुबह 6:30 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर आईवीआरआई गेट तक गई और फिर वापस स्टेडियम में समाप्त हुई।
इस मैराथन में लगभग 10 हजार बच्चों ने हिस्सा लिया। विजेताओं को क्रमशः ₹5100, ₹3100 और ₹2100 के नकद पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा तीन प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में ₹1000-₹1000 दिए गए। सभी धावकों को टी-शर्ट और प्रतिभाग प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।










