प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश की जनता के नाम एक विशेष पत्र लिखा। यह पत्र उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। पीएम मोदी ने इसकी शुरुआत नवरात्रि की बधाई के साथ की और सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि इस बार त्योहारों के बीच देशवासियों को एक बड़ा तोहफ़ा भी मिला है। 22 सितंबर से जीएसटी 2.0 लागू हो गया है और इसके साथ ही पूरे देश में ‘GST बचत उत्सव’ की शुरुआत हुई है।
क्या बदलेगा GST 2.0 में?
पीएम मोदी ने बताया कि अब GST को और आसान बना दिया गया है।
-
अब सिर्फ दो स्लैब रहेंगे।
-
ज़रूरी चीज़ें जैसे – खाना, दवाइयां, साबुन, टूथपेस्ट आदि या तो टैक्स-फ्री होंगी या सिर्फ 5% टैक्स स्लैब में आएंगी।
-
घर बनाने, गाड़ी खरीदने, बाहर खाने या छुट्टियां मनाने जैसे खर्चे भी अब आसान होंगे।
-
हेल्थ इंश्योरेंस पर GST पूरी तरह हटा दिया गया है।
ग्राहकों और व्यापारियों को राहत
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि दुकानदार अब “पहले और अब” के बोर्ड लगाकर लोगों को बता रहे हैं कि चीजें कितनी सस्ती हो गई हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में शुरू हुई GST ने देश को कई तरह के टैक्स और टोल के जंजाल से मुक्ति दिलाई थी। अब GST 2.0 इसे और आसान बना देगा, जिससे छोटे व्यापारी और लघु उद्योगों को और सुविधा होगी।
गरीबी उन्मूलन और मध्यम वर्ग की मजबूती
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और एक नया मिडिल क्लास तैयार हुआ है। अब इसे और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि:
-
12 लाख रुपये तक की आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगेगा।
-
टैक्स छूट और नए GST सुधारों के चलते लोगों की हर साल करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी।
आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम
पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को पाने के लिए आत्मनिर्भरता ज़रूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वदेशी सामान अपनाएं। चाहे कंपनी या ब्रांड कोई भी हो, अगर उसमें भारतीय मजदूर और कारीगर की मेहनत लगी है तो वह स्वदेशी है।
उन्होंने दुकानदारों से भी आग्रह किया कि वे सिर्फ स्वदेशी सामान बेचें, ताकि अधिक से अधिक परिवारों की रोज़ी-रोटी सुरक्षित रहे और युवाओं के लिए रोजगार बढ़े।
अंत में पीएम मोदी का संदेश
पीएम मोदी ने कहा, “आइए गर्व से कहें, ये स्वदेशी है। आपकी बचत बढ़े, आपके सपने पूरे हों और त्योहारों की रौनक और चमक बढ़े। नवरात्रि और GST बचत उत्सव की शुभकामनाएं।”










