Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में आज सुबह धरती हिल गई जब यहां 6.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह झटका स्थानीय समय सुबह 3:51 बजे आया। भूकंप का केंद्र देश के उत्तरी हिस्से में स्थित था, जहां से आसपास के कई इलाकों में भी कंपन महसूस किए गए।
6.2 तीव्रता, 7.8 किमी गहराई
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मेने ग्रांडे से लगभग 24 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। इसकी गहराई करीब 7.8 किलोमीटर आंकी गई। झटके इतने तेज थे कि वेनेजुएला के साथ-साथ पड़ोसी देश कोलंबिया में भी महसूस किए गए। घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बन गया। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
मेने ग्रांडे का महत्व
भूकंप के बाद वेनेजुएला सरकार की ओर से तुरंत कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों ने बताया कि झटके गंभीर थे। राहत की बात यह रही कि भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं बना और समुद्र की लहरों में भी कोई असामान्य बदलाव दर्ज नहीं हुआ।
मेने ग्रांडे इस क्षेत्र का अहम इलाका है, क्योंकि यहां दुनिया का सबसे बड़ा प्रमाणित तेल भंडार मौजूद है।









