वाराणसी: विजयादशमी पर्व के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में जिला प्रशासन और बरेका प्रशासन के संयुक्त निर्णय से विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। पहले जारी प्रेस विज्ञप्ति में गेट बंद रखने की बात कही गई थी, लेकिन जनभावना को देखते हुए यह निर्णय वापस ले लिया गया है। अब पर्व के दिन सभी प्रवेश द्वार खुले रहेंगे।
बरेका के ककरमत्ता मुख्य गेट, एफसीआई, नाथूपुर, पहाड़ी और कंदवा गेट आम नागरिकों और कर्मचारियों के लिए सामान्य व्यवस्था के तहत खुले रहेंगे। हालांकि, परिसर में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ नियम लागू रहेंगे।
इस दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र और आम नागरिकों के लिए पास अथवा वैध परिचय पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। वहीं, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को छूट दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और पर्व को शांतिपूर्ण व आनंदमय माहौल में मनाने में सहयोग करें। प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।










