UP Weather : उत्तर प्रदेश में मॉनसून की विदाई अभी कुछ दिन और टल गई है, लेकिन जाते-जाते यह आफत बनकर बरस रहा है। शुक्रवार को पूर्वी यूपी के वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, भदोही समेत कई जिलों में दिनभर झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और कई जगह तो दुकानों में भी पानी घुस गया। इसी दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों में डर भी पैदा किया।
4 अक्टूबर को भी बरसेंगे बादल
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार यानी 4 अक्टूबर को 32 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर सहित कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। इन इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में होगी मध्यम बारिश
इसके अलावा प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, वाराणसी, बहराइच, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी और आसपास के जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। बारिश के चलते प्रदेश में तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। दिन में ठंडक और रात में हल्की सिहरन बढ़ गई है।
लखनऊ में मौसम रहेगा सुहावना
राजधानी लखनऊ में भी शनिवार को बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हल्की ठंडक के कारण मौसम खुशनुमा बने रहने की उम्मीद है।
5 और 6 अक्टूबर को भी बरसेंगे बादल
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 5 और 6 अक्टूबर को भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। अनुमान है कि मॉनसून की विदाई यूपी से 4–5 दिन बाद होगी।










