लखनऊ में बसपा (BSP) की महारैली के दौरान पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) दोनों पर तीखा हमला बोला, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की कुछ नीतियों की सराहना भी की।
यह रैली बहुजन समाज के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित की गई थी।
मायावती ने कहा कि, “आज आप सभी ने कांशीराम जी को श्रद्धांजलि देकर इतिहास रच दिया है। लाखों की भीड़ से यह साबित होता है कि बसपा की ताकत अब पहले से कई गुना बढ़ चुकी है।”
योगी सरकार का जताया आभार
बसपा प्रमुख ने कहा कि, “वर्तमान बीजेपी सरकार के प्रति हम आभारी हैं क्योंकि उन्होंने कांशीराम जी के स्मारक के रखरखाव के लिए टिकटों से मिले धन का सही उपयोग किया। जबकि पिछली सपा सरकार ने यह पैसा दबाकर रखा था और स्मारक की देखभाल नहीं की थी।”
मायावती ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि, “सत्ता में रहते समय अखिलेश यादव को न तो PDA याद रहता है और न ही कांशीराम जी। लेकिन जब सत्ता से बाहर हो जाते हैं, तो वही नाम लेकर राजनीति करने लगते हैं। ऐसे दोगले चरित्र वाले लोगों से सावधान रहना होगा।”
UP में BSP की पूर्ण बहुमत की सरकार जरूरी”
मायावती ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे यूपी में बहुजन समाज पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा, “बाबासाहेब आंबेडकर ने कहा था कि जब तक सत्ता की चाबी आपके हाथ में नहीं होगी, आपका जीवन स्वाभिमान से नहीं चल सकता। इसलिए अब बसपा को फिर से सत्ता में लाना होगा।”
उन्होंने सपा और कांग्रेस दोनों पर हमला बोलते हुए कहा, “सपा सरकार में गुंडे और माफिया फलते-फूलते थे, जबकि कांग्रेस ने तो दलितों का हमेशा शोषण किया। बाबा साहेब को संसद में नहीं जाने दिया, न ही समय पर भारत रत्न दिया।”
कांग्रेस पर सीधा वार
मायावती ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, “कांग्रेस पार्टी संविधान की दुहाई देती है लेकिन असल में वही बाबा साहेब और कांशीराम जी के साथ अन्याय करने वाली पार्टी है। इन जातिवादी और स्वार्थी पार्टियों ने हमेशा BSP को आगे बढ़ने से रोका। अब जनता सब समझ चुकी है।”
आजम खान से नहीं हुई कोई मुलाकात’
सपा नेता आजम खान से मुलाकात की अफवाहों पर भी मायावती ने सफाई दी। उन्होंने कहा, “मेरी किसी भी पार्टी के नेता से चोरी-छुपे कोई मुलाकात नहीं हुई। मैं जब मिलती हूं, खुले तौर पर मिलती हूं। अफवाह फैलाने वालों को मैं स्पष्ट कर दूं कि आजम खान या उनके परिवार से कोई बात नहीं हुई है।”
आई लव’ विवाद और देश के माहौल पर बयान
देश में बढ़ते धार्मिक विवादों पर मायावती ने कहा, “धर्म और देवी-देवताओं के नाम पर बवाल खड़ा करना देशहित में नहीं है। ‘आई लव’ जैसे मुद्दों पर राजनीति करना भी गलत है। सबको एक-दूसरे के धर्म और आस्था का सम्मान करना चाहिए।”
CBI जंजाल में फंसाने की साजिश हुई”
मायावती ने कहा कि विरोधियों ने उन्हें CBI के मामलों में फंसाने की कोशिश की, ताकि उनकी छवि खराब हो। उन्होंने कहा, “मुझ पर झूठे केस किए गए, लेकिन मैं डरी नहीं। अब यह पार्टियां धर्म के नाम पर हिंसा भड़का रही हैं ताकि राजनीतिक फायदा उठा सकें।”
BSP सरकार में यहीं मिलेगा रोजगार”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बसपा सरकार बनने पर यूपी के लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि “हर व्यक्ति को राज्य में ही रोजगार मिलेगा, किसी को पलायन नहीं करना पड़ेगा।”
उन्होंने अपने भतीजे आकाश आनंद की भी तारीफ करते हुए कहा कि “आकाश पूरी लगन से काम कर रहे हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर रहे हैं।”
मायावती के नेतृत्व में बनेगी पांचवीं बार सरकार– आकाश आनंद
रैली में बसपा नेता आकाश आनंद ने कहा, “कांशीराम जी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम केवल मायावती जी ने किया है। जनता का यह जनसैलाब इस बात का संकेत है कि बहनजी के नेतृत्व में बसपा की पांचवीं बार सरकार बनना तय है।”










