Bihar Chunav 2025 : बीजेपी ने जारी की 71 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जानें किसे मिला टिकट, किसका कटा पत्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार को 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस लिस्ट में कई दिग्गज नेताओं, मौजूदा मंत्रियों और विधायकों को उनके पारंपरिक सीटों से ही टिकट दिया गया है। वहीं पार्टी ने दोनों डिप्टी सीएम, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, को क्रमशः तारापुर और लखीसराय से उम्मीदवार बनाया है।

इस सूची में 12 मंत्रियों और 9 महिला उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने अपने दो पूर्व डिप्टी सीएम, रेणु देवी को बेतिया से और तारकेश्वर प्रसाद को कटिहार से मैदान में उतारा है।

12 मंत्रियों को मिला टिकट

बीजेपी की पहली लिस्ट में शामिल 12 मंत्रियों में प्रमुख नाम हैं, मंगल पांडेय (स्वास्थ्य एवं विधि), डॉ. प्रेम कुमार (सहकारिता), रेणु देवी (पशु एवं मत्स्य संसाधन), नीतीश मिश्रा (उद्योग), संजय सरावगी (राजस्व एवं भूमि सुधार), नीरज कुमार सिंह बबलू (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण), जीवेश मिश्रा (नगर विकास एवं आवास), डॉ. सुनील कुमार (पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन), राजू सिंह (पर्यटन), नितीन नवीन (पथ निर्माण) समेत दोनों डिप्टी सीएम — सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा।

9 महिला उम्मीदवारों को मिली जगह

महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में बीजेपी ने इस बार 9 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें रेणु देवी (बेतिया), श्रेयसी सिंह (जमुई), अरुणा देवी (वारसलीगंज), गायत्री देवी (परेहार), कविता देवी (कोढ़ा), निशा सिंह (प्राणपुर), देवंती यादव (नरपतगंज), रमा निषाद (औराई) और स्वीटी सिंह (किशनगंज) शामिल हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव भी मैदान में

दानापुर विधानसभा सीट से बीजेपी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को उम्मीदवार बनाया है। यह पहली बार होगा जब वे विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने लोकसभा चुनावों में दो बार मीसा भारती को हराया था और केंद्र में ग्रामीण विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

स्पीकर नंदकिशोर यादव का टिकट कटा

बीजेपी ने बड़ा फैसला लेते हुए पटना साहिब से मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव का टिकट काट दिया है। उनकी जगह सरकारी वकील रत्नेश कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है — वही वकील जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां से जुड़े फर्जी AI वीडियो मामले में पटना हाई कोर्ट में पैरवी की थी।

जातीय और क्षेत्रीय संतुलन पर जोर

बीजेपी की पहली लिस्ट में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।

  • 17 ओबीसी उम्मीदवार

  • 11 अतिपिछड़ा वर्ग

  • 9 महिलाएं

  • 6 एससी-एसटी वर्ग से

  • 11 भूमिहार प्रत्याशी शामिल हैं।

कुल 71 सीटों में से 56 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि 10 के टिकट काटे गए हैं। पार्टी ने साफ किया है कि वह कुल 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जिनमें से 71 पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं और बाकी 30 सीटों पर जल्द घोषणा होगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें