अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह को आखिरी बार 2019 में फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ में देखा गया था। अब यह जोड़ी फिल्म के सीक्वल के साथ लौट रही है। फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हो गया है। यह फिल्म टी-सीरीज और लव फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस हुई है और इसे अंशुल शर्मा ने डायरेक्ट किया है।
फिल्म में अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। वहीं, आर माधवन रकुल प्रीत के पिता के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म 14 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ट्रेलर की झलक
ट्रेलर में दिखाया गया है कि अजय देवगन, रकुल प्रीत के घर उनके पेरेंट्स को इंप्रेस करने आते हैं। आर माधवन के किरदार को देखकर ट्रेलर में कई कॉमेडी और हंगामेदार पल देखने को मिलते हैं। रकुल प्रीत अपने माता-पिता को अजय की उम्र के बारे में झूठ बताती हैं, जिससे और भी मजेदार घटनाएं होती हैं।
एंटरटेनमेंट और कॉमेडी का डोज
ट्रेलर में मिज़ान जाफरी अजय और रकुल के रोमांस में एंट्री लेते हैं और रकुल को इंप्रेस करने की कोशिश करते हैं। ट्रेलर में अजय देवगन की पुरानी फिल्म ‘फूल और कांटे’ के बाइक सीन को री-क्रिएट किया गया है, जिसे देखकर फैंस हंस-हंसकर लोटपोट हो जाएंगे।
फिल्म में इसके अलावा जावेद जाफरी, गौतमी कपूर, इशिता दत्ता, संजीव सेठ और जानकी वोडीवाला जैसे स्टार्स भी नजर आएंगे। स्क्रिप्ट 2023 में फाइनल की गई थी, जबकि मार्च 2024 में फिल्म की ऑफिशियल अनाउंसमेंट हुई।
अगर बात करें पहली फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ की, तो 2019 में रिलीज हुई इस फिल्म में अजय, रकुल और तबु की जोड़ी ने दर्शकों को खूब एंटरटेन किया था। अब देखना होगा कि क्या ‘दे दे प्यार दे 2’ फैंस को उतना ही पसंद आएगी।










