Bihar Chunav 2025: जेडीयू ने की 57 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी, मुस्लिम चेहरों को नहीं मिला टिकट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने 57 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने जातीय संतुलन साधने की कोशिश की है, लेकिन खास बात यह है कि एक भी मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया गया है। वहीं, चार महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारा गया है।

जेडीयू ने इस बार लव-कुश वोट बैंक (कुर्मी और कोइरी समाज) पर विशेष फोकस रखा है। पार्टी की सूची में 21 से अधिक उम्मीदवार इसी समाज से आते हैं। महिला उम्मीदवारों में मधेपुरा से कविता साहा, गायघाट से कोमल सिंह, समस्तीपुर से अश्वमेघ देवी और विभूतिपुर से रवीना कुशवाहा को टिकट मिला है।

सूची में तीन बाहुबली नेताओं- अनंत सिंह (मोकामा), धुमल सिंह (एकमा) और अमरेंद्र पांडे (कुचाएकोट) को भी जगह दी गई है। वहीं, पांच मौजूदा मंत्रियों- महेश्वर हजारी, रतनेश सदा, विजय चौधरी, श्रवण कुमार और सुनील कुमार को भी दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी ने इस बार 27 नए चेहरों को मौका दिया है, जबकि 11 वे उम्मीदवार हैं जिन्होंने पिछला चुनाव हारा था। जेडीयू ने चिराग पासवान के दावे वाली पांच सीटों – सोनबरसा, अलौली, राजगीर, एकमा और मोरवा पर भी अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं।

गौरतलब है कि 2020 में जिन तीन सीटों पर जेडीयू ने मुस्लिम उम्मीदवार उतारे थे (डुमरांव, दरभंगा ग्रामीण और कांटी), वहां इस बार गैर-मुस्लिम चेहरों को टिकट दिया गया है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें