साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक ‘कांतारा चैप्टर 1’ लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म की ऐतिहासिक सफलता के बाद इसके डायरेक्टर और लीड एक्टर ऋषभ शेट्टी बुधवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा आरती में शामिल होकर पूजन-अर्चन किया और फिर बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए।
वाराणसी में प्रमोशन को बताया आध्यात्मिक अनुभव
ऋषभ शेट्टी ने कहा कि वाराणसी जैसे धार्मिक शहर में फिल्म का प्रमोशन करना बेहद खास है। उन्होंने बताया कि ‘कांतारा चैप्टर 1’ की जड़ें आस्था, संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी हैं, इसलिए धर्म की इस पावन भूमि पर आना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। अभिनेता ने कहा, “काशी में आकर एक अलग ही ऊर्जा का अनुभव हुआ। गंगा आरती और बाबा विश्वनाथ के दर्शन ने मन को शांति दी।”
700 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई फिल्म
फिल्म की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। मेकर्स के मुताबिक, ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने सिर्फ दो हफ्तों में 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, और अब तक इसका ग्लोबल कलेक्शन 717.50 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। फिल्म की कहानी, संगीत और सिनेमैटोग्राफी को लेकर दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।
सफलता को बताया भगवान का आशीर्वाद
ऋषभ शेट्टी ने कहा, “यह हमारे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। मैं कर्नाटक, केरल, हैदराबाद और मुंबई सहित देशभर के दर्शकों का आभारी हूं, जिन्होंने इस फिल्म को इतना प्यार दिया। यह सफलता साबित करती है कि हमारी लोककथाएं और सांस्कृतिक कहानियां वैश्विक स्तर पर भी दर्शकों को जोड़ सकती हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि कांतारा की सफलता ने ऐसी और कहानियां बनाने का हौसला दिया है, जो भारतीय परंपरा और आध्यात्मिकता की गहराई को उजागर करती हैं।
10वीं सदी की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
‘कांतारा चैप्टर 1’ की कहानी 10वीं शताब्दी की है, जो लोककथाओं, देव-पूजा और प्रकृति के रहस्यमयी संबंध को दर्शाती है। ऋषभ शेट्टी ने कहा कि इस फिल्म का मकसद सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि दर्शकों को यह अहसास कराना भी है कि हमारी परंपराएं और संस्कृति कितनी समृद्ध और जीवंत हैं।










