भारत पर ट्रंप के टैरिफ को लेकर ऋषि सुनक का बड़ा बयान, कहा- भरोसे पर…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने शुक्रवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हर देश अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर ही कदम उठाएगा, और यही उचित भी है। सुनक ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय रिश्तों की नींव भरोसे और आपसी सम्मान पर होनी चाहिए, क्योंकि लेन-देन आधारित राजनीति से टिकाऊ परिणाम नहीं मिलते।

भरोसे पर बने रिश्ते ज्यादा मजबूत होते हैं – सुनक

एनडीटीवी वर्ल्ड समिट 2025 में बोलते हुए सुनक ने कहा, “जब रिश्तों की बुनियाद भरोसे पर टिकी होती है, तो समय के साथ वे और अधिक मजबूत बनते हैं।” उन्होंने अपने कार्यकाल का उदाहरण देते हुए बताया कि यूरोपियन यूनियन की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लियेन के साथ उन्होंने ब्रेक्जिट के बाद के जटिल मुद्दों को मिलकर सुलझाया था।

“पुरानी वैश्विक व्यवस्था अब खत्म हो चुकी है”

भारत पर अमेरिकी टैरिफ और इसके प्रभावों को लेकर पूछे गए सवाल पर सुनक ने कहा कि दुनिया अब पुरानी वैश्विक व्यवस्था से आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा, “जिस व्यवस्था में मैं बड़ा हुआ, वह अब समाप्त हो गई है। अब एक नई बहुध्रुवीय (multipolar) दुनिया उभर रही है, जहां देश अपने सामर्थ्य और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के आधार पर फैसले ले रहे हैं।”

भारत पर अमेरिका ने लगाया 50% टैरिफ

अमेरिका ने हाल ही में भारत से आयात होने वाले सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसमें रूस से तेल और गैस की खरीद को लेकर अतिरिक्त 25 प्रतिशत दंडात्मक शुल्क भी शामिल है।

वॉशिंगटन ने इस कदम को रूस के यूक्रेन युद्ध को वित्तीय सहायता मिलने से रोकने की रणनीति बताया है। हालांकि, भारत का कहना है कि वह अपनी ऊर्जा सुरक्षा और नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए रूस से तेल की खरीद जारी रखेगा। भारत ने स्पष्ट किया है कि उसकी नीति भू-राजनीतिक दबावों के बजाय राष्ट्रीय हितों और बाजार की जरूरतों पर आधारित है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें