Varanasi: आई हॉस्पिटल में 7 साल की बच्ची की मौत, परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी के महमूरगंज स्थित एक आई हॉस्पिटल में सात साल की मासूम बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिवार का आरोप है कि आंख में समस्या के चलते बच्ची अनाया को ASG आई हॉस्पिटल लाया गया था, जहां जांच के बाद रेटिना में दिक्कत बताई गई और सर्जरी के लिए उसे दूसरे अस्पताल में भेज दिया गया।

रेटिना की सर्जरी के बाद बिगड़ी हालत

मृतका के पिता रिजवान ने बताया कि अनाया की आंख में दर्द और धुंधलापन था। जांच में रेटिना की समस्या पाई गई, जिसके बाद उसे Matcare मैटरनिटी एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में सर्जरी के लिए रेफर किया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद बताया था कि बच्ची की स्थिति ठीक है, लेकिन कुछ घंटे बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

डॉक्टर बोले – कार्डियोरेस्पिरेटरी फेल्योर से हुई मौत

परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने बच्ची की मौत का कारण पूछा तो पहले कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि कार्डियोरेस्पिरेटरी फेल्योर (Cardio-respiratory Failure) के कारण बच्ची की मौत हुई है।

परिजनों का हंगामा, कार्रवाई की मांग

बेटी की मौत से आक्रोशित परिवार ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि सर्जरी के दौरान या बाद में गंभीर गलती हुई है। परिवार ने अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की मांग करते हुए भेलूपुर थाने में तहरीर दी है। इसके अलावा डीएम, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भी पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले में सभी तथ्यों की जांच कर रही है, और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें