भदोही के ऊंज थाना क्षेत्र के पूरेभान गांव में दिवाली के दिन सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गांव के सरकारी हैंडपंप के पास बने गड्ढे में 5 साल का मासूम सनी खेलते-खेलते गिर गया और डूबने से उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मासूम के घर के सामने ही यह हैंडपंप स्थित है, जहां पानी जमा होने के कारण हमेशा फिसलन रहती थी। बताया जा रहा है कि बच्चे के पैर फिसलने के कारण वह गड्ढे में गिर गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे गड्ढे से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक मासूम की मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बच्चे की मां रेखा और परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अंतिम संस्कार कलिंजरा घाट पर किया गया।
ग्रामीणों ने घटना के बाद हैंडपंप के पास बने गड्ढे को मिट्टी से भरकर सुरक्षित कर दिया। वहीं ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर गड्ढा नहीं भरा गया, जिससे यह हादसा हुआ।










