पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने एक बार फिर बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए गठबंधन चुनाव जीतने के बाद भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगा। पप्पू यादव के मुताबिक, बीजेपी नीतीश कुमार को सम्मान नहीं देती, जबकि कांग्रेस ही उन्हें उनका वास्तविक सम्मान दे सकती है।
मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, “अगर एनडीए जीतती है तो भी नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। बीजेपी उन्हें कभी सम्मान नहीं दे सकती। नीतीश कुमार खुद भी कांग्रेस में आने की इच्छा रखते हैं, और अगर वो आते हैं तो कांग्रेस उनका स्वागत करेगी।”
एनडीए पर भारी पड़ने का दावा
पप्पू यादव ने आगे कहा कि एनडीए पर अकेले वह खुद भारी पड़ेंगे। उन्होंने कहा, “महागठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाने वालों को बीजेपी से पूछना चाहिए कि उनके अंदर एकजुटता कहां है। एनडीए खुद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहती, यही बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा सवाल है।”
छठ के बाद राहुल और प्रियंका गांधी की सभाएं होंगी
पप्पू यादव ने बताया कि छठ पूजा के बाद बिहार में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की चुनावी सभाएं होंगी। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता एनडीए से नाराज है और इस बार महागठबंधन को वोट देगी। 14 नवंबर के बाद आने वाले नतीजे सब कुछ साफ कर देंगे कि जनता किसके साथ है।”
नीतीश कुमार का पलटवार
वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ही मुजफ्फरपुर की एक रैली में बिना नाम लिए पप्पू यादव के बयान का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “पहले कुछ गड़बड़ जरूर हुई थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।” इससे साफ है कि नीतीश कुमार फिलहाल एनडीए में ही बने रहने के संकेत दे रहे हैं।










