Chandauli News: आस्था और भक्ति के महापर्व छठ पूजा की शाम चंदौली जिले में दो अलग-अलग घटनाओं ने उत्सव का माहौल गम में बदल दिया। एक तरफ बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव में चंद्रप्रभा नदी में नाव पलटने से तीन युवक लापता हो गए, वहीं धीना थाना क्षेत्र के कतकौलिया मौजा में एक किशोर की डूबकर मौत हो गई।
पोखरे में डूबा किशोर
जानकारी के मुताबिक, सकलडीहा के हरिचरना गांव निवासी सनी राजभर (16) अपनी मां के साथ छठ पर्व मनाने ननिहाल इकबालपुर (धानापुर थाना क्षेत्र) आया हुआ था। पूजा की तैयारी के दौरान शाम को वह अन्य बच्चों के साथ पास के पोखरे में स्नान करने गया, लेकिन गहरे पानी में जाने से डूब गया।
ग्रामीणों ने हल्ला मचाते हुए किसी तरह सनी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पर धीना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरा गांव शोक में डूब गया।
नदी में नाव पलटने से तीन युवक लापता
वहीं दूसरी घटना बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव की है, जहां छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पूजा संपन्न होने के बाद कुछ युवक नाव पर सवार होकर नदी की सैर कर रहे थे, तभी अचानक नाव तेज धारा में पलट गई। नाव में सवार यश (16), पीयूष (13) और अरुण (13) पानी में बह गए।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत रेस्क्यू की कोशिशें शुरू कीं, लेकिन अंधेरा और पानी की गहराई ने बचाव कार्य को मुश्किल बना दिया। सूचना पर बबुरी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक तीनों की तलाश में जुटी रही।
पूरे जिले में मातम
छठ की शाम जब श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य दे रहे थे, तभी इन दो दर्दनाक घटनाओं ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पूजा के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करें, गहरे पानी में बिना निगरानी न उतरें और नौका विहार करते समय सावधानी बरतें।










