नई दिल्ली। एयर इंडिया की फ्लाइट AI174, जो रविवार (2 नवंबर 2025) को सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, को बीच रास्ते में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका के कारण मंगोलिया के उलानबटोर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं।
उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या का संदेह
एयर इंडिया के अनुसार, उड़ान के दौरान फ्लाइट क्रू को एक संभावित तकनीकी समस्या का संदेह हुआ। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को उलानबटोर में एहतियाती तौर पर उतारने का निर्णय लिया गया। विमान वहां सुरक्षित रूप से लैंड हो गया है और फिलहाल तकनीकी जांच जारी है।
एयर इंडिया ने जताया खेद
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बयान जारी करते हुए कहा, “इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। हम अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सभी यात्रियों की सहायता कर रहे हैं और उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य दिल्ली तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
एयरलाइन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट करते हुए बताया, 2 नवंबर को सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए दिल्ली जा रही उड़ान AI174 को मंगोलिया के उलानबटोर में एहतियातन उतारा गया। उड़ान चालक दल को बीच रास्ते में संभावित तकनीकी समस्या का संदेह हुआ था। विमान सुरक्षित रूप से उतर गया है और आवश्यक जांच की जा रही है।”
एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही सभी यात्रियों को दिल्ली पहुंचाया जाएगा।










