Bihar Chunav 2025 : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार अब पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नियंत्रण में हैं और बिहार में उनकी सरकार अब कभी नहीं बनेगी।
राहुल गांधी ने औरंगाबाद और कुटुंबा में आयोजित चुनावी सभाओं में कहा कि नीतीश कुमार अब अपने फैसले खुद नहीं लेते, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के रिमोट से चलते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जिस तरह रिमोट से टीवी का चैनल बदला जाता है, उसी तरह मोदी और शाह नीतीश कुमार का चैनल बदलते हैं, और वो वही करते हैं जो दोनों चाहते हैं।”
‘नीतीश सरकार अब खत्म
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को “दबाकर पकड़ रखा है” और अब उनका राजनीतिक सफर खत्म हो गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे “वोट चोरी” रोकने के लिए सतर्क रहें, क्योंकि मोदी और शाह बिना हेरफेर के चुनाव नहीं जीत सकते।
कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार कभी शिक्षा का केंद्र हुआ करता था — जहाँ चीन और जापान जैसे देशों से छात्र पढ़ने आते थे — लेकिन आज यहां के युवा रोजगार की तलाश में पलायन को मजबूर हैं।
‘नालंदा में बनेगा विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय’
राहुल गांधी ने वादा किया कि अगर इंडिया गठबंधन की सरकार बनी, तो नालंदा में विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा, “मोदी जी कहते हैं कि युवा रील्स बनाकर पैसा कमा रहे हैं। मैं पूछता हूँ — कौन कमा रहा है? यह बस युवाओं को व्यस्त रखने की रणनीति है ताकि वे सवाल न पूछें।”
‘बिहार का स्वास्थ्य ढांचा चरमराया
कांग्रेस नेता ने बिहार के स्वास्थ्य सिस्टम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “बिहार में जो लोग इलाज करवाने जाते हैं, वे कहते हैं कि अगर यहां के अस्पतालों में भर्ती हुए तो जान चली जाएगी।”
अग्निपथ योजना पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस योजना में न तो पेंशन है और न ही शहीद होने पर मुआवजा — यह युवाओं के भविष्य के साथ मज़ाक है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में बार-बार परीक्षा पत्र लीक हो रहे हैं, जिससे मेहनती गरीब छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
‘मोदी-शाह देश में नफरत फैला रहे, हम जोड़ने निकले हैं’
प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि “मोदी जी छठ पूजा के समय यमुना में स्नान करने वाले थे, लेकिन जब साफ पानी के पाइप की खबर मीडिया में आई तो उन्होंने यमुना में नहाने से मना कर दिया।”
उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनी तो वह अति पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों की सरकार होगी। राहुल ने पीएम मोदी और शाह पर आरोप लगाया कि वे कॉरपोरेट घरानों के फायदे के लिए योजनाएं बनाते हैं और देश में नफरत फैलाते हैं, जबकि भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य लोगों को जोड़ना और एकता को मजबूत करना है।










