उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। हालिया बारिश के बाद अब ठंड का असर महसूस होने लगा है। राज्य के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रात के समय लोगों को हल्की कपकपी का अहसास होने लगा है। कई जिलों में लोग अब रजाई और कंबल निकाल चुके हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। यानी आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
अगले तीन दिन रहेगा शुष्क मौसम
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 5 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। आईएमडी ने राज्य के सभी 75 जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। यही स्थिति 6 और 7 नवंबर को भी बनी रहेगी।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, अगले 24 घंटे में कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।
नोएडा-लखनऊ और कानपुर में साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी लखनऊ में मौसम साफ रहेगा। सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 18°C के आसपास रहने की उम्मीद है।
नोएडा और कानपुर में भी मौसम सुहावना रहेगा। वहीं गाजियाबाद, मथुरा, झांसी, ललितपुर, अलीगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, गाजीपुर, बलिया, गोरखपुर, अयोध्या, बस्ती, रायबरेली, बरेली समेत अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा। कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकता है।
बाराबंकी में सबसे कम तापमान दर्ज
ठंड की शुरुआत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 13.5°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ और इटावा में भी न्यूनतम तापमान 15°C के आसपास दर्ज किया गया। राज्य के ज्यादातर जिलों में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे चला गया है, जिससे अब यूपी में ठंड का सीजन धीरे-धीरे दस्तक देने लगा है।










