मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा : कार्तिक स्नान को जा रहे श्रद्धालु आए कालका एक्सप्रेस की चपेट में, 7 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कालका एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 7 से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चुनार रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए जा रहे थे श्रद्धालु

मृतक और घायल श्रद्धालु वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा स्नान करने जा रहे थे। हादसा सुबह करीब 9:30 बजे चुनार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुआ। बताया जा रहा है कि चोपन से आने वाली एक पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर आकर रुकी थी। इस ट्रेन से कई श्रद्धालु उतरे और प्लेटफॉर्म नंबर-3 की ओर जाने के लिए ट्रैक पार करने लगे।

उसी वक्त कालका एक्सप्रेस ट्रेन बिना रुके ट्रैक से गुजर रही थी, जिसका चुनार स्टेशन पर कोई स्टॉपेज नहीं था। इससे पहले कि श्रद्धालु कुछ समझ पाते, वे ट्रेन की चपेट में आ गए।

मौत के आंकड़ों पर रेलवे ने नहीं दी आधिकारिक पुष्टि

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि कई शवों के चीथड़े तक उड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रेन के गुजरते ही पूरा प्लेटफॉर्म चीख-पुकार से गूंज उठा। हालांकि, रेलवे प्रशासन ने अब तक मृतकों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

रेलवे और जिला प्रशासन ने मौके पर राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें