दिल्ली विस्फोट पर बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने जताई संवेदना, की निष्पक्ष जांच की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सोमवार शाम गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुए धमाके से पुरानी दिल्ली का इलाका दहशत में आ गया। इस दर्दनाक घटना पर ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पुनिया और स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

विनेश फोगाट ने कहा

पूर्व पहलवान विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ विस्फोट बेहद दुखद और चिंताजनक है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, कई निर्दोष लोगों की जान चली गई है, जो बेहद पीड़ादायक है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की शक्ति प्राप्त हो। देश की राजधानी में ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और हमें एकजुट होकर सतर्क रहना चाहिए।”

बजरंग पुनिया ने भी जताया शोक

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा, आज दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट में निर्दोष लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। यह बहुत ही हृदय विदारक और विनाशकारी घटना है। दुःख की इस घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों के साथ हूं और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। सरकार से अपील है कि इस घटना की तत्काल, पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।”

गौतम गंभीर ने भी जताया दुख

इससे पहले टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी और मौजूदा कोच गौतम गंभीर ने भी इस धमाके पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा,“दिल्ली में हुए विस्फोट में जानमाल की हानि से बेहद दुखी हूं। मृतकों के परिजनों को शक्ति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

आतंकी मॉड्यूल का खुलासा और फिर धमाका

गौरतलब है कि यह धमाका जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा फरीदाबाद में जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ के कुछ घंटे बाद हुआ था। पुलिस ने वहां से करीब 2,900 किलोग्राम विस्फोटक और हथियार बरामद किए थे।

फिलहाल जांच एजेंसियां विस्फोट की हर एंगल से पड़ताल में जुटी हैं। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें