वाराणसी में आगामी 14 दिसंबर से पल्स पोलियो विशेष अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इसी को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
5,27,562 बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक
सीडीओ ने बताया कि जिले में 5 वर्ष तक के 5,27,562 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान लक्षित सभी बच्चों तक खुराक पहुंचनी चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
सीडीओ ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान बीमार या प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों को भी चिह्नित कर पोलियो की दवा अवश्य पिलाई जाए। उन्होंने पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में इस वर्ष सामने आए पोलियो मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि वाराणसी में तीर्थस्थलों के कारण आवागमन अधिक रहता है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
बूथ दिवस 14 दिसंबर को, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे खुले
सीडीओ ने बताया कि 14 दिसंबर को बूथ दिवस मनाया जाएगा। इस दिन सभी स्कूल खोले जाएंगे और बच्चों की ‘बुलावा टोली’ बनाकर अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी खुले रहेंगे और बूथों का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा।
सीडीओ ने अभिभावकों से अपील की अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं।”
छह दिन चलेगा अभियान, 1811 बूथ और 1265 घर–घर टीमें तैनात
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि यह विशेष अभियान छह दिन तक चलेगा।
-
14 दिसंबर – बूथ दिवस: 1811 बूथों पर खुराक दी जाएगी
-
15 दिसंबर से – घर-घर अभियान: 1265 घर-घर टीमें और 36 ट्रांजिट टीमें तैनात
-
22 दिसंबर: जिन बच्चे तक खुराक नहीं पहुंच पाई, उन्हें इस दिन दवा दी जाएगी
बैठक का संचालन डब्ल्यूएचओ एसएमओ एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुणा एस. वेणु ने किया। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कनौजिया, यूनिसेफ के डीएमसी आदित्य जयसवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जेएसआई, डीसी, सीएसओ, यूएनडीपी प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










