कोडीन कफ सिरप केस में बड़ी कार्रवाई, शुभम जायसवाल के पिता को पुलिस ने कोलकाता से किया अरेस्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोनभद्र: कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने जोरदार कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। वह दमदम एयरपोर्ट के पास दुबई भागने की फिराक में था। एसआईटी प्रभारी सदानंद राय और एसओजी प्रभारी राजेश चौबे की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को जल्द ही सोनभद्र लाकर पूछताछ की जाएगी।

दुबई भागने की कोशिश में था भोला प्रसाद

सूत्रों के मुताबिक, भोला प्रसाद उसी रूट से दुबई जाना चाहता था, जिस रास्ते से उसका बेटा शुभम पहले फरार हुआ था। बताया जा रहा है कि शुभम फिलहाल दुबई से ही फेसटाइम के माध्यम से अपने पूरे नेटवर्क को नियंत्रित कर रहा है और तस्करी गिरोह को निर्देश दे रहा है।

अमित सिंह टाटा की गिरफ्तारी के बाद खुला नेटवर्क का बड़ा राज़

बीते गुरुवार लखनऊ एसटीएफ ने कफ सिरप तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अमित सिंह टाटा को गोमतीनगर से गिरफ्तार किया। उसके पास से फॉर्च्यूनर कार, मोबाइल और कई अहम दस्तावेज़ बरामद हुए।

जौनपुर के सुरेरी निवासी अमित वाराणसी कैंट के वरुणा इंक्लेव में रहता है और जौनपुर के एक पूर्व सांसद का करीबी बताया जाता है। वह रामपुर ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तैयारी भी कर रहा था। अमित पर आरोप है कि वह शुभम जायसवाल के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल तक बड़ी मात्रा में कोडीनयुक्त सिरप सप्लाई करता था।

जांच में सामने आया कि फर्जी कंपनियों और कूटरचित ई-वे बिलों के जरिए फेंसेडिल कफ सिरप की खरीद-बिक्री के कागज़ बनाए जाते थे। इसमें एबॉट कंपनी के एक अधिकारी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।

देशभर में फैला नेटवर्क, 50 से अधिक लोग रडार पर

एसटीएफ की जांच के अनुसार यह तस्करी सिंडिकेट पश्चिमी यूपी, पूर्वांचल, बिहार, झारखंड और दिल्ली तक फैला हुआ है।
करीब 50 से अधिक माफिया, व्यापारी, ट्रांसपोर्टर और अधिकारी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। कई बड़ी दवा कंपनियों और ड्रग विभाग के कुछ पूर्व अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
जल्द ही और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

गैंगस्टर बैकग्राउंड वाला अमित सिंह टाटा

अमित सिंह टाटा का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। वह कभी कुख्यात मुन्ना बजरंगी के गैंग से जुड़ा था। हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत 7 से अधिक गंभीर मामलों में वांछित है। हाल ही में वाराणसी के एक फिटनेस सेंटर में प्रशिक्षक को पीटने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

पुलिस की बड़ी सफलता, नेटवर्क टूटने की उम्मीद

शुभम जायसवाल के दुबई में होने के बावजूद पुलिस और एसटीएफ लगातार सक्रिय हैं। भोला प्रसाद की गिरफ्तारी इस पूरे कफ सिरप तस्करी रैकेट को तोड़ने में महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई बड़े नामों के उजागर होने की संभावना बढ़ गई है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें