दिसंबर महीने की शुरुआत होते ही उत्तर प्रदेश में शीतलहर ने दस्तक दे दी है। बीते 24 घंटों में राज्य का न्यूनतम तापमान गिरकर 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे कई जिलों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। वहीं, प्रदेश भर में सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिसके चलते दृश्यता प्रभावित हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में और ठंडक बढ़ने की संभावना है। तापमान में गिरावट के साथ लोगों को अब गर्म कपड़ों, जैकेट, स्वेटर और शॉल का सहारा लेना पड़ेगा।
2 दिसंबर को रहेगा शुष्क मौसम, सुबह छाएगा कोहरा
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 2 दिसंबर को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, सुबह के समय प्रदेश के कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा फैलने की संभावना है।
आईएमडी ने जिन जिलों में सुबह कोहरे की चादर छाने का अनुमान जताया है, उनमें शामिल हैं- झांसी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रामपुर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, वाराणसी, कानपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, सोनभद्र, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, फिरोजाबाद, उन्नाव, हमीरपुर, कौशाम्बी, बरेली, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर, गोरखपुर, महराजगंज, पीलीभीत, मुरादाबाद, सीतापुर, बिजनौर, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा और ललितपुर।
बीते 24 घंटों में प्रयागराज में दृश्यता गिरकर 400 मीटर तक पहुंच गई, जिससे घना कोहरा दर्ज किया गया।
लखनऊ से नोएडा तक दिखेगी कोहरे की चादर
राजधानी लखनऊ में आज सुबह घना कोहरा देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यहां न्यूनतम तापमान 12°C और अधिकतम 26°C के आसपास रह सकता है। आने वाले 2–3 दिनों में तापमान में और गिरावट संभावित है।
दूसरी ओर, नोएडा में भी सुबह और शाम के समय मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। उम्मीद है कि बीते दिनों की अपेक्षा आज का दिन और रात दोनों ही ज्यादा ठंडे रहेंगे।
5 दिसंबर से बढ़ेगी ठंड, पश्चिमी विक्षोभ देगा असर
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 5 दिसंबर को वेस्टर्न हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका सीधा असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा, जिसके चलते तापमान में और गिरावट आएगी और शीतलहर तेज हो सकती है।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी अब मैदानों तक प्रभाव दिखाने लगी है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं यूपी पहुंच रही हैं, जिसके कारण राज्य के तापमान में क्रमिक गिरावट जारी रहेगी।










