गोवा के नाइटक्लब हादसे में 25 लोगों की गई जान, PM मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का किया ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोवा के उत्तर जिले के अर्पोरा गांव में शनिवार की रात बड़ा हादसा हो गया। एक लोकप्रिय नाइटक्लब में अचानक लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई। यह क्लब पिछले साल ही खुला था और पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो चुका था। घटना ने पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

पीएम मोदी ने जताया दुख, राहत राशि का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, गोवा के अरपोरा में हुई आग दुर्घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। ईश्वर करे कि घायल जल्द स्वस्थ हों।”

पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से बात की है और राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दे रही है। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है।

किचन में सिलेंडर फटने से फैली आग

हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब क्लब के किचन एरिया में खाना बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में भारी विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों तक कंपन महसूस किया गया। देखते ही देखते आग तेजी से पूरे क्लब में फैल गई और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवाई

विस्फोट के बाद लोगों ने चीखते हुए बाहर भागने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।
गोवा पुलिस के महानिदेशक आलोक कुमार ने बताया, रात 12:04 बजे कंट्रोल रूम में कॉल आई। पुलिस, दमकल और एम्बुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।”

आग को कुछ समय बाद नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन तब तक कई लोग जलने या दम घुटने से जान गंवा चुके थे।

सुरक्षा मानकों में लापरवाही, CM ने दिए जांच के निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में क्लब द्वारा फायर सेफ्टी नियमों का पालन न करने की बात सामने आई है। मुख्यमंत्री ने कहा, अगर सुरक्षा में लापरवाही साबित हुई, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

पर्यटन सीजन के बीच हुई इस भीषण दुर्घटना ने राज्य सरकार को मामले को बेहद गंभीरता से लेने पर मजबूर कर दिया है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें