एटा में भात समारोह में डीजे पर डांस करते समय चली गोली, दो नाबालिगों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक भात समारोह खुशी से मातम में बदल गया, जब डीजे के बीच अचानक चली गोली से दो नाबालिग लड़कों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

डीजे पर डांस करते समय चली गोली, मच गया हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, अलीगंज विकासखंड के नया गांव थाना क्षेत्र के उभई असदनगर में भात और दावत का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान डीजे पर कई बच्चे और युवक डांस कर रहे थे। अचानक फायरिंग की आवाज गूंजते ही अफरा-तफरी मच गई।
गोली 11 वर्षीय सोहेल और उसके 17 वर्षीय चाचा शाहरुख को जा लगी। दोनों बच्चे खून से लथपथ होकर डीजे की फर्श पर गिर पड़े। तेज आवाज और डांस के बीच अचानक हुई चीख-पुकार से माहौल दहला उठा।

एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तुरंत अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 11 वर्षीय सोहेल पुत्र आसुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। 17 वर्षीय शाहरुख पुत्र मुन्नू खान को गंभीर हालत में आगरा के लिए रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

शादी कार्यक्रम में हुआ हादसा

परिजन अरशद ने बताया कि अंदर खाना चल रहा था। उनके मामा के बेटे सलमान पुत्र समसुद्दीन की शादी की बारात रविवार को जानी थी। भात का कार्यक्रम और दावत चल रहे थे। सोहेल और शाहरुख डांस कर रहे थे, तभी अचानक गोली चली और दोनों घायल होकर गिर पड़े।

पुलिस अधिकारी मौके पर, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बात की। एएसपी ने बताया कि, उभई असदनगर गांव में भात का कार्यक्रम चल रहा था। डीजे चल रहा था, इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई। गोली से दो लड़कों की मौत हो गई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, यह गोली किसने चलाई और हथियार कहां से आया, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जिम्मेदार व्यक्ति की तलाश जारी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें