वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 दिसंबर को वाराणसी पहुंचेंगे, जहां वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की मंडलस्तरीय समीक्षा करेंगे। सर्किट हाउस में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री आजमगढ़ में समीक्षा बैठक करेंगे और दोपहर बाद बनारस पहुंचेंगे।
SIR अभियान में धीमी रफ्तार, CM योगी ने संभाला मोर्चा
सूत्रों के मुताबिक राज्यभर में SIR अभियान की धीमी प्रगति को लेकर सीएम योगी नाराज हैं। पश्चिमी यूपी में समीक्षा बैठकों के बाद अब वे पूर्वांचल के जिलों की स्थिति की बारीकी से जांच करेंगे। बीते दिनों कुछ जिलों में अभियान की रफ्तार अपेक्षा से काफी कम पाई गई थी, जिसे लेकर मुख्यमंत्री फीडबैक लेंगे और देरी के कारणों का विस्तृत मूल्यांकन होगा।
बैठक में चारों जिलों के भाजपा सांसद, विधायक, एमएलसी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, महानगर और काशी क्षेत्र के संगठन पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री बूथ स्तर पर सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों की भागीदारी और निगरानी पर स्पष्ट जवाब मांगेंगे।
प्रशासन ने तैयार की पूरी रिपोर्ट
वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के तहत बूथवार फॉर्म वितरण, कलेक्शन, डिजिटाइजेशन और मैपिंग से संबंधित सभी आंकड़े तैयार किए जा रहे हैं। सभी टीमें बैठक से पहले अद्यतन रिपोर्ट जमा कर देंगी, ताकि मुख्यमंत्री के सामने वास्तविक स्थिति प्रस्तुत की जा सके।
2024 लोकसभा चुनाव और 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची का शुद्धिकरण भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। इसी वजह से मुख्यमंत्री स्वयं SIR अभियान की प्रगति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।










