वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं। दोपहर करीब 12 बजे उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइंस मैदान में उतरेगा। यहां से वह सीधे सर्किट हाउस जाएंगे, जहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की मंडलस्तरीय समीक्षा करेंगे। बैठक में वाराणसी मंडल के चारों जिलों—वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुरके सांसद, विधायक, एमएलसी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
SIR अभियान और विकास कार्यों की होगी विस्तृत समीक्षा
सूत्रों के मुताबिक, काशी क्षेत्र में चल रहे SIR अभियान की प्रगति पर मुख्यमंत्री खुद रिपोर्ट लेंगे। इसके बाद वह पूर्वांचल में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति भी परखेंगे।
समीक्षा बैठक में काशी क्षेत्र अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, महानगर प्रभारी, जिला संयोजक, महामंत्री तथा सभी विधानसभा क्षेत्रों के SIR संयोजक व सेक्टर संयोजक शामिल होंगे। जनप्रतिनिधियों से अभियान में उनकी भूमिका और बीएलए की जिम्मेदारियों पर भी फीडबैक लिया जाएगा।
सीएम के आगमन के दौरान कई मार्ग रहेंगे डायवर्ट
सीएम योगी के आगमन और प्रस्थान को देखते हुए 11 बजे से 2 बजे के बीच शहर में कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस लाइन से सर्किट हाउस तक के सभी रास्तों को इस दौरान बंद रखा जाएगा। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।
इन सड़कों पर रहेगा डायवर्जन
-
गिलट बाजार तिराहा से भोजूबीर तिराहा या तरना की ओर जाना प्रतिबंधित रहेगा। वाहन सेंट्रल जेल रोड या शिवपुर बाजार की तरफ भेजे जाएंगे।
-
भोजूबीर तिराहा से सर्किट हाउस या गिलट बाजार पुलिस चौकी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों को अर्दली बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
-
दूधसट्टी तिराहा भोजूबीर से सर्किट हाउस की ओर मार्ग बंद रहेगा।
-
गोलघर कचहरी से सर्किट हाउस की ओर वाहनों को जाने नहीं दिया जाएगा।
-
जेपी मेहता तिराहा से दैत्रावीर या भोजूबीर तिराहा की ओर न जाकर वाहन सेंट्रल जेल रोड की तरफ डायवर्ट होंगे।
-
आंबेडकर चौराहा, सेंट्रल जेल तिराहा और आशियाना तिराहा पर भी मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे।
-
गोलघर कचहरी से पुलिस लाइन या सर्किट हाउस की दिशा में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इन स्थानों पर बनाई गई पार्किंग
ट्रैफिक व्यवस्था को सहज रखने के लिए सीएम मीटिंग में शामिल होने वाले सांसद, विधायक व भाजपा पदाधिकारियों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
-
सर्किट हाउस परिसर
-
पीडब्लूडी कार्यालय
-
आयुक्त सभागार परिसर
-
नया सर्किट हाउस मेन गेट
-
सर्किट हाउस के सामने बैरिकेडिंग क्षेत्र
-
जेपी मेहता इंटर कॉलेज
-
उद्यान विभाग परिसर
ADCP ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।










