वाराणसी। घने कोहरे और खराब मौसम का असर सोमवार को काशी एयरपोर्ट की उड़ानों पर देखने को मिला। इसी वजह से इंडिगो एयरलाइंस की वाराणसी से खजुराहो जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इस उड़ान से खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने जा रहे फिल्म अभिनेता अनुपम खेर भी प्रभावित हुए।
फ्लाइट रद्द होने के बाद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वह इंडिगो की फ्लाइट से वाराणसी पहुंचे थे, लेकिन आगे खजुराहो की उड़ान रद्द हो गई। हालांकि, उन्होंने निराश होने के बजाय इस हालात को सकारात्मक रूप में लिया और काशी में रुककर स्थानीय स्वाद का आनंद लेने के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने का फैसला किया।
दादा जी की सीख याद कर लिखी पोस्ट
अनुपम खेर ने अपनी पोस्ट में अपने दादा जी की सीख का जिक्र करते हुए लिखा,
“फ्लाइट कैंसिल! मेरे दादाजी कहते थे—एक ही समस्या से दो बार मत गुजरिए, एक बार उसके बारे में सोचकर और दूसरी बार उसे झेलकर। इंडिगो की फ्लाइट से वाराणसी आया था, खजुराहो के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट कैंसिल हो गई। बहुत निराशा हुई, लेकिन मैंने इसका फायदा उठाने का फैसला किया। अब अच्छी कचौड़ी, चाट, गुलाब जामुन खाऊंगा और विश्वनाथ जी के मंदिर में पूजा करूंगा। हर हर महादेव।”
इंडिगो एयरलाइंस ने जताया खेद
इस मामले पर इंडिगो एयरलाइंस ने भी प्रतिक्रिया दी। एयरलाइन की ओर से कहा गया कि घने कोहरे और खराब मौसम के कारण वाराणसी समेत उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ, जिसके चलते वाराणसी–खजुराहो सेक्टर की फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। इंडिगो ने बताया कि यात्रियों को पहले ही उनके रजिस्टर्ड कॉन्टैक्ट डिटेल्स पर इसकी सूचना दे दी गई थी।
एयरलाइन ने अनुपम खेर के शांत और सकारात्मक रवैये की सराहना करते हुए उन्हें और उनकी टीम को फिल्म फेस्टिवल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अनुपम खेर का यह अनुभव सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बड़ी संख्या में यूजर्स ने उनके धैर्य और सकारात्मक सोच की तारीफ की। लोगों ने लिखा कि मुश्किल हालात में भी मुस्कुराकर परिस्थितियों को स्वीकार करना ही असली जीवन दर्शन है।










