कफ सिरप मामले में शेर-ओ-शायरी के जरिए सियासी वार, सीएम योगी के तंज पर अखिलेश यादव का तीखा पलटवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप मामले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच इस बार आरोप-प्रत्यारोप शेर-ओ-शायरी के जरिए देखने को मिला।

यूपी विधानमंडल सत्र से पहले हुई प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोडीन से जुड़े सवाल पर सपा पर निशाना साधते हुए कहा, यही कसूर मैं बार-बार करता रहा और आईना साफ करता रहा। सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार ने इस मामले में NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की है और बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सामने आने वाले माफिया नेटवर्क के तार समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं।

अखिलेश यादव का तंज

मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेर के जरिए तंज कसा। उन्होंने लिखा, जब ‘ख़ुद’ फँस जाओ, तो दूसरे पर इल्ज़ाम लगाओ। ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ। अखिलेश के इस शेर के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया।

सपा-बीजेपी विधायकों में भी तीखी बहस

मुख्यमंत्री के आरोपों पर समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री झूठ बोल रहे हैं और उन्हें अपने दावों के समर्थन में श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि डीजीपी, प्रमुख सचिव और एसटीएफ के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रमाण पेश किए जाएं। साथ ही तंज कसते हुए पूछा कि सरकार का “बुलडोजर” अब कहां गया?

वहीं, इस पूरे विवाद पर यूपी सरकार के मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि कोडीन मामले की जांच जारी है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में सपा नेताओं की संलिप्तता की बात कही है।

कोडीन कफ सिरप मामले को लेकर शेर-ओ-शायरी से शुरू हुई यह सियासी जंग अब सीधे आरोपों और जवाबी हमलों में बदल गई है, जिससे आने वाले दिनों में राजनीति और गरमाने के संकेत हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें