1xBet बेटिंग ऐप केस में ED की बड़ी कार्रवाई, सोनू सूद समेत कई बड़े सितारों की करीब 8 करोड़ की संपत्ति कुर्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई नामी हस्तियों की चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। पीएमएलए के तहत की गई इस कार्रवाई में कुल 7.93 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं।

ईडी के मुताबिक, पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद और नेहा शर्मा, पूर्व टीएमसी सांसद व अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती, बंगाली अभिनेता अंकुश हजरा और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला की मां के नाम दर्ज संपत्ति को कुर्क किया गया है। जांच में सामने आया है कि इन हस्तियों ने 1xBet और उसके सरोगेट ब्रांड्स (जैसे 1xBat) के प्रचार के लिए विदेशी कंपनियों के साथ करार किए थे।

ईडी का कहना है कि प्रचार के बदले मिली रकम को विदेशी माध्यमों से इस तरह रूट किया गया, जिससे उसकी अवैध स्रोत की पहचान छिपाई जा सके। जांच एजेंसी ने इन फंड्स को ‘अपराध की आय’ मानते हुए संपत्तियों को कुर्क किया है।

किसकी कितनी संपत्ति कुर्क हुई

  • युवराज सिंह – ₹2.5 करोड़

  • रॉबिन उथप्पा – ₹8.26 लाख

  • सोनू सूद – ₹1 करोड़

  • नेहा शर्मा – ₹1.26 करोड़

  • मिमी चक्रवर्ती – ₹59 लाख

  • अंकुश हजरा – ₹47.20 लाख

  • उर्वशी रौतेला (मां के नाम पर) – ₹2.02 करोड़

ईडी इससे पहले भी इसी मामले में कार्रवाई कर चुकी है। अक्टूबर 2025 में शिखर धवन की ₹4.55 करोड़ और सुरेश रैना की ₹6.64 करोड़ की संपत्तियां कुर्क की गई थीं। अब तक इस केस में कुल ₹19.07 करोड़ की संपत्तियां जब्त हो चुकी हैं।

जांच एजेंसी ने साफ किया है कि अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि मनी लॉन्ड्रिंग का बड़ा जरिया भी बनते हैं। ईडी ने सेलिब्रिटीज और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को ऐसे प्लेटफॉर्म्स का प्रचार करने से बचने की सख्त चेतावनी दी है। मामले की जांच अभी जारी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें