चोलापुर मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: पत्नी की हत्या कर पति ने ही झाड़ियों में छिपाया था शव, पहले गला घोंटा फिर ईंट से सिर कुचला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दानगंज चौकी के पास गोमती नदी किनारे शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाजरे की झाड़ियों में एक विवाहिता का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव के पास खून से सनी ईंट और महिला की चप्पल मिलने से ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई।

जानकारी के मुताबिक, कैथोर गांव का एक युवक नदी किनारे गया था, जहां उसकी नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। उसने तुरंत परिजनों और गांववालों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को खबर दी गई।

सूचना मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह, एसीपी विदुष सक्सेना और चोलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने हत्या की पुष्टि की। मृतका की पहचान चौबेपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पेशे से ऑटो चालक की पत्नी थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि महिला की पहले मफलर से गला घोंटकर हत्या की गई, इसके बाद सिर पर वार कर बेरहमी से कुचल दिया गया। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह घटनास्थल से करीब 500 मीटर आगे जाकर लौट आया।

जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पुलिस को एक चौंकाने वाला सुराग मिला। सूत्रों के अनुसार, हत्या के शक की सुई मृतका के पति पर ही आकर टिक गई है। हालांकि, देर रात तक पुलिस आधिकारिक रूप से पूरे मामले का खुलासा नहीं कर सकी। एसीपी ने बताया कि कुछ अहम सबूत हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे मामले का राजफाश किया जाएगा।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में गहरा आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें