वाराणसी। काशी में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक स्मार्ट बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर की सड़कों पर दौड़ रही इलेक्ट्रिक बसों को अब यात्री लाइव लोकेशन के जरिए ट्रैक कर सकेंगे। इसके लिए एक नया मोबाइल ऐप जल्द ही लॉन्च किया जाएगा, जिससे यात्री घर बैठे यह देख सकेंगे कि उनकी नजदीकी बस कितनी दूर है और कब बस स्टॉप पर पहुंचेगी।
इस मोबाइल ऐप की यूजर टेस्टिंग शुरू हो चुकी है। वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (VCTS) के प्रबंध निदेशक परशुराम पांडेय ने बताया कि आम नागरिक इस ऐप को डाउनलोड कर परीक्षण में भाग ले सकते हैं। टेस्टिंग के दौरान मिलने वाले सुझावों के आधार पर ऐप को और उपयोगी बनाया जाएगा, जिसके बाद इसे सभी यात्रियों के लिए जारी किया जाएगा।
फिलहाल वाराणसी में 11 प्रमुख रूटों पर 50 आधुनिक ई-बसें संचालित की जा रही हैं। ये 28 सीटर वातानुकूलित बसें सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक नियमित रूप से चलती हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में सीसीटीवी कैमरे और महिलाओं के लिए पैनिक बटन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि ई-बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अब लाइव ट्रैकिंग ऐप के आने से यात्रियों को बस स्टॉप पर लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे पहले से जान सकेंगे कि बस कितनी देर में पहुंचेगी, जिससे समय की भी बचत होगी।
शहरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी यह नया ऐप डिजिटल, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।










