नमो घाट पर नए साल से होगी सुबह की गंगा आरती, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए नई शुरूआत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। काशी के नमो घाट पर नववर्ष से सुबह की गंगा आरती का आयोजन शुरू होने जा रहा है। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से निर्णय लिया गया है कि अब केवल शाम ही नहीं बल्कि सुबह के समय भी मां गंगा की आरती होगी। इस हफ्ते से आरती का अभ्यास भी शुरू कर दिया गया है।

नमो घाट पर सुबह की आरती शुरू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। अक्टूबर माह में यहां गंगा आरती की शुरुआत हुई थी, जिसमें वर्तमान में रोजाना ढाई से तीन हजार श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। देव दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नमो घाट पर आयोजित गंगा आरती में भाग लिया था।

अब दशाश्वमेध घाट और अस्सी घाट की तरह नमो घाट पर भी सुबह और शाम दोनों समय आरती का आयोजन होगा। इस पहल से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नमो घाट की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी मजबूत होगी।

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने कहा कि इस आरती से श्रद्धालुओं को मां गंगा के दर्शन का अतिरिक्त अवसर मिलेगा और वाराणसी का आध्यात्मिक माहौल और भी जीवंत बनेगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें