वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित “बुजुर्गों की स्वास्थ्य देखभाल के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम (NPHCE)” के तहत बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IMS) में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 7 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
यह सभी पद संविदा आधारित हैं, जिन्हें प्रोजेक्ट की अवधि और कार्य संतोषजनक रहने की स्थिति में आगे बढ़ाया जा सकता है। खास बात यह है कि इस भर्ती में 8वीं पास से लेकर ग्रेजुएट उम्मीदवार तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 30 दिसंबर 2025 तय की गई है।
इन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती के अंतर्गत प्रोग्राम असिस्टेंट, वार्ड सहायक/हॉस्पिटल अटेंडेंट और सफाई कर्मचारी/सैनिटरी अटेंडेंट के पद शामिल हैं।
-
प्रोग्राम असिस्टेंट पद के लिए उम्मीदवार का सेकेंड क्लास से ग्रेजुएट होना जरूरी है। इसके साथ 6 महीने की कंप्यूटर ट्रेनिंग या कंप्यूटर डिप्लोमा और कम से कम एक साल का कार्य अनुभव होना चाहिए।
-
वार्ड सहायक/हॉस्पिटल अटेंडेंट के लिए 10वीं पास योग्यता के साथ किसी मान्यता प्राप्त अस्पताल में स्ट्रेचर बेयरर या वार्ड सहायक के रूप में कम से कम एक वर्ष का अनुभव अनिवार्य है।
-
सफाई कर्मचारी/सैनिटरी अटेंडेंट पद के लिए न्यूनतम 8वीं पास होना आवश्यक है, साथ ही संबंधित क्षेत्र में कम से कम एक साल का अनुभव मांगा गया है।
कितनी मिलेगी सैलरी
पद के अनुसार उम्मीदवारों को मानदेय दिया जाएगा, जो अधिकतम ₹30,000 प्रतिमाह तक हो सकता है।
आवेदन की प्रक्रिया
इच्छुक अभ्यर्थियों को बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित जॉब पोर्टल से आवेदन फॉर्म का प्रारूप डाउनलोड करना होगा। आवेदन पत्र को साफ-सुथरे तरीके से भरकर पासपोर्ट साइज फोटो चिपकानी होगी और हस्ताक्षर करने होंगे। इसके साथ शैक्षणिक योग्यता, अनुभव प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी।
भरा हुआ आवेदन पत्र स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से इस पते पर भेजना होगा—
प्रोफेसर अनूप सिंह (नोडल ऑफिसर),
NPHCE, डिपार्टमेंट ऑफ जेरिएट्रिक मेडिसिन,
इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज,
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय,
वाराणसी – 221005 (उत्तर प्रदेश)
ध्यान रहे कि आवेदन पत्र 30 दिसंबर 2025 तक निर्धारित पते पर पहुंच जाना चाहिए। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट www.bhu.ac.in पर जारी अधिसूचना देख सकते हैं।










